भोपाल। महंगाई के मुद्दे पर मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने अपने जनजागरण अभियान की शुरुआत कर दी है। दो हफ्ते तक चलने वाले इस अभियान का सोमवार को आगाज़ हो गया। इस अभियान में कांग्रेस पार्टी जनता को मोदी सरकार की विफल नीतियों के प्रति जागरुक करेगी। इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी के तमाम नेता इस अभियान में जनता से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को भी सुनेंगे।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने जन जागरण अभियान की शुरुआत करते हुए मोदी सरकार की नीतियों पर हमला बोला। कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सरकार की विफल नीतियों और फैसलों के कारण ही आज देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो गई है। देश की जनता महंगाई की मार झेल रही है, बेरोज़गारी की समस्या बढ़ती जा रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि इस अभियान के दौरान कांग्रेस पार्टी कोरोना को लेकर भाजाप सरकार के कुप्रबंधन से भी जनता को अवगत कराएगी।
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने भाजपा को चैलेंज देते हुए कहा कि मुझसे बेहतर कोई हिंदू हो तो बता दो। आज एकादशी है। कितने भाजपा के लोग एकादशी का व्रत रखते हैं? यदि रखते हैं, तो बता दें। मैं 40 साल से रखता हूं। बात यही है कि इनके लिए हिंदू धर्म आस्था का प्रश्न नहीं है। ये इनका राजनीतिक हथियार है।
रविवार को अल्प प्रवास पर जबलपुर पहुंचे दिग्विजय सिंह सर्किट हाउस में मीडिया से मुखातिब थे। सलमान खुर्शीद की पुस्तक पर बैन लगाने संबंधी बयान पर तंज कसते हुए कहा कि गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का किताब और पढ़ाई लिखाई से कोई नाता नहीं है। धर्म की राजनीति बंद करनी होगी।
आदिवासियों पर एमपी में सबसे अधिक अत्याचार होता है
दिग्विजय सिंह ने कहा कि बीजेपी आदिवासियों का शोषण करने वाली पार्टी है। विदिशा मेडिकल कॉलेज में आदिवासी सीटों को डी-रिजर्व करते हुए जनरल श्रेणी में भरने का जुर्म किसने किया? देश में सबसे अधिक आदिवासी समुदाय पर अत्याचार एमपी में होता है। ये एनसीआरबी की रिपोर्ट कहती है, लेकिन ये सच का एक तिहाई हिस्सा है। पूरा सच तो ये है कि दो तिहाई अपराध रजिस्टर्ड ही नहीं किए जाते।